जोगुड़ा गांव में गुलदार के हमले में ललित पाल (पप्पू) गंभीर रूप से घायल, ग्रामीण एकता मंच के संयोजक तरुण पाल की पहल पर वन विभाग ने इलाज और सम्मान का दिया भरोसा
Himanjali Express News- Uttrakhand/Dehradun
उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों में गुलदार का आतंक लगातार चिंता का विषय बना हुआ है। आए दिन सामने आ रही मानव-वन्यजीव संघर्ष की घटनाएं ग्रामीणों की सुरक्षा और वन विभाग की तैयारियों पर गंभीर सवाल खड़े कर रही हैं। इसी बीच जोगुड़ा गांव में गुलदार के हमले की एक घटना सामने आई है, जिसमें स्थानीय निवासी ललित पाल (पप्पू) ने अदम्य साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए न केवल अपनी जान बचाई, बल्कि गुलदार को गांव की ओर बढ़ने से रोकने का भी प्रयास किया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गुलदार ने ललित पाल पर अचानक हमला कर दिया। संकट की इस घड़ी में ललित ने हिम्मत नहीं हारी और साहसपूर्वक गुलदार का मुकाबला करते हुए अपना बचाव किया। इस दौरान वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल पिथौरागढ़ अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।
ललित का यह साहस वास्तव में सराहनीय है। अपनी जान पर खेलकर उन्होंने जिस बहादुरी और हिम्मत का परिचय दिया, वह पूरे क्षेत्र के लिए प्रेरणादायक है। विशेष रूप से गुलदार को गांव की ओर जाने से रोकने का उनका प्रयास ग्रामीणों की सुरक्षा के प्रति उनकी सजगता को दर्शाता है।
तरुण पाल की पहल पर वन विभाग ने दिया मदद और सम्मान का भरोसा
घटना के बाद ग्रामीण एकता मंच के संयोजक एवं जाने-माने सामाजिक कार्यकर्ता तरुण पाल ने मामले को गंभीरता से उठाया। उन्होंने वन विभाग से घायल ललित पाल के समुचित उपचार की व्यवस्था कराने, आवश्यक आर्थिक सहायता देने तथा उनके असाधारण साहस के लिए सम्मानित करने का आग्रह किया।
तरुण पाल की इस पहल पर वन विभाग की टीम ने त्वरित कार्रवाई की। रेंजर पूरन देवपा के नेतृत्व में वन विभाग की टीम ने गुलदार को पकड़ लिया, जिससे ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।
तरुण पाल द्वारा ललित के उपचार और सम्मान के संबंध में किए गए अनुरोध को रेंजर ने स्वीकार करते हुए आश्वासन दिया कि स्वस्थ होने के बाद ललित पाल को उनके साहस और बहादुरी के लिए सम्मानित किया जाएगा।
मानव-वन्यजीव संघर्ष पर स्थायी समाधान की जरूरत
यह घटना एक बार फिर बताती है कि उत्तराखंड के ग्रामीण क्षेत्रों में गुलदार का भय कितना गंभीर हो चुका है। खेतों, रास्तों और आबादी के आसपास वन्यजीवों की सक्रियता के कारण ग्रामीणों, महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों की सुरक्षा एक बड़ी चुनौती बन गई है।
वन विभाग को केवल घटना के बाद कार्रवाई तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि संवेदनशील गांवों में नियमित निगरानी, कैमरा ट्रैप, त्वरित प्रतिक्रिया दल, जागरूकता अभियान और प्रभावित परिवारों को समय पर सहायता उपलब्ध करानी चाहिए।
ललित पाल की बहादुरी को सलाम।सामाजिक कार्यकर्ता तरुण पाल ऐसे समय में जब किसी घायल व्यक्ति को उपचार और सम्मान की जरूरत होती है, तब समाज के बीच से आवाज उठाना और संबंधित विभाग तक बात पहुंचाना भी सामाजिक जिम्मेदारी का महत्वपूर्ण उदाहरण है।

