चंदन सिंह मनराल ने रानीबाग को तीर्थस्थल के रूप में विकसित करने, राजमाता जियारानी के ऐतिहासिक योगदान को सम्मान देने और कत्युरी विरासत से जुड़े स्थलों के संरक्षण की उठाई मांग।
हल्द्वानी। कत्युरी समाज की पहचान, सांस्कृतिक विरासत और ऐतिहासिक स्वाभिमान को लेकर एक बार फिर आवाज उठने लगी है। कत्युरी समाज से जुड़े चंदन सिंह मनराल ने रानीबाग, चित्रशिला और लखनपुर जैसे ऐतिहासिक स्थलों की लगातार हो रही उपेक्षा पर चिंता व्यक्त करते हुए सरकार और शासन-प्रशासन से कई महत्वपूर्ण सवाल पूछे हैं।
दीपावली के अवसर पर नैनीताल लोकसभा से दो बार सांसद रहे डॉ. महेन्द्र पाल सिंह पाल एडवोकेट तथा नैनीताल हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के अध्यक्ष की श्री मनराल के साथ समाज के मुद्दों पर लंबी बैठक चली। इस दौरान राजमाता जियारानी की तपोभूमि रानीबाग के संरक्षण, विकास और उसे धार्मिक पर्यटन एवं तीर्थस्थल के रूप में विकसित करने को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। उन्होंने बताया कि अतिथि उनकी संस्था के कानूनी सलाहकार एवं संरक्षक भी हैं।
चंदन सिंह मनराल ने कहा कि यदि डॉ. महेन्द्र पाल सिंह पाल को उनकी पार्टी की ओर से नैनीताल जिले की किसी विधानसभा सीट से अवसर मिलता है और वे जीतकर क्षेत्र का नेतृत्व करते हैं, तो यह कत्युरी समाज के हितों के लिए सकारात्मक हो सकता है। हालांकि उन्होंने स्पष्ट किया कि उनकी संस्था का उद्देश्य राजनीतिक गतिविधियों में शामिल होना या किसी राजनीतिक दल का समर्थन अथवा विरोध करना नहीं है।
मानसखंड मंदिर माला में शामिल करने की मांग
मनराल ने सवाल उठाया कि अनेक प्रयासों के बावजूद रानीबाग, चित्रशिला और लखनपुर जैसे कत्युरी इतिहास से जुड़े महत्वपूर्ण स्थलों को मानसखंड मंदिर माला योजना में शामिल करने की दिशा में ठोस पहल क्यों नहीं हुई? उन्होंने राजमाता जिया देवी और रानी कर्णावती जैसी ऐतिहासिक महिलाओं के योगदान को अपेक्षित पहचान नहीं मिलने पर भी सवाल उठाए।
उन्होंने रानीबाग का नाम जिया नगरी, काठगोदाम का नाम जिया चौक और जमरानी बांध का नाम जिया रानी डैम रखने की मांग का उल्लेख करते हुए कहा कि जब अन्य स्थानों के नामकरण की पहल हो रही है, तो इन मांगों पर गंभीरता क्यों नहीं दिखाई जा रही?
चित्रशिला मंदिर और देव डोलियों से जुड़े मुद्दे भी उठाए
चंदन सिंह मनराल ने पिछले वर्ष रानीबाग चित्रशिला में दूर-दराज के गढ़वाल और कुमाऊं क्षेत्रों से आने वाली देव डोलियों के लिए लगाए गए टेंटों को कथित दबाव में हटाए जाने पर भी नाराजगी जताई। इसके अलावा चित्रेश्वर महादेव मंदिर के परिक्रमा स्थल पर अतिक्रमण से जुड़े मामले में कार्रवाई नहीं होने और प्राचीन मंदिर की उपेक्षा को लेकर भी सवाल खड़े किए।
उन्होंने खटीमा, बनबसा और टनकपुर क्षेत्र से जुड़े ‘कत्युरी किंगडम’ नाम से वाइन ब्रांड को अनुमति दिए जाने के मामले का भी उल्लेख किया। हालांकि उनके अनुसार इस ब्रांड पर अब रोक लगाई जा चुकी है, लेकिन उन्होंने इसे कत्युरी पहचान और ऐतिहासिक नामों के सम्मान से जुड़ा गंभीर विषय बताया।
राजनीति से ऊपर समाज की पहचान का सवाल
मनराल ने कहा कि कत्युरी समाज की एकजुटता किसी राजनीतिक दल या व्यक्ति के लिए नहीं, बल्कि अपनी संस्कृति, इतिहास, देवी-देवताओं और सामूहिक स्वाभिमान की रक्षा के लिए होनी चाहिए। उन्होंने समाज के लोगों से आत्ममंथन करने की अपील करते हुए कहा कि व्यक्तिगत विचारों और संबंधों से ऊपर उठकर सामूहिक हितों के लिए आवाज उठाने की आवश्यकता है।
उन्होंने कहा कि रानीबाग, चित्रशिला और लखनपुर केवल भौगोलिक स्थान नहीं, बल्कि कत्युरी समाज की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक पहचान के महत्वपूर्ण केंद्र हैं। ऐसे में इनके संरक्षण, विकास और उचित सम्मान के लिए ठोस पहल होनी चाहिए।
अब देखना होगा कि कत्युरी समाज की ओर से उठाए गए इन सवालों और मांगों पर सरकार तथा संबंधित विभाग क्या कदम उठाते हैं।
वहीं विमर्श हुवा कि शीघ्र सर्व समाज के लोग मिलकर सामाजिक मुद्दों पर बड़ी बैठक करेंगे जिसमें सभी मुद्दों को लेकर जन जागरण अभियान और आगामी उत्तरायणी पर्व की तैयारी बैठक भी की जाएगी।
मां जियारानी समिति और अन्य सामाजिक मुद्दों में योगदान और जुड़ने हेतु आप श्री चन्दन सिंह मनराल से 9412417171 पर संपर्क कर सकते हैं।