Wed. May 13th, 2026

केदारनाथ, हेमकुंड साहिब हेली बुकिंग खुली, किराया बढ़ेगा

15 जून को हुए हेली हादसे के बाद डीजीसीए ने शटल सेवाओं पर रोक लगा दी थी। इसके बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हेली सेवाओं के सुरक्षित संचालन के लिए सख्त मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) तैयार करने हेतु एक समिति गठित की थी। समिति ने कड़े नियमों के साथ एसओपी तैयार कर सरकार को सौंप दी है।

हाल ही में मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने दिल्ली में नागरिक उड्डयन मंत्रालय और डीजीसीए अधिकारियों के साथ बैठक कर हेली सेवाओं पर लगी रोक हटाने और संचालन में सहयोग का अनुरोध किया। इसके परिणामस्वरूप, उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण (यूकाडा) ने केदारनाथ और हेमकुंड साहिब के लिए हेली सेवाओं को फिर से शुरू करने की मंजूरी दे दी है।

यूकाडा के सीईओ आशीष चौहान ने बताया कि हेली टिकटों की ऑनलाइन बुकिंग 10 सितंबर से शुरू होगी। आईआरसीटीसी की वेबसाइट https://heliyatra.irctc.co.in/ पर 10 सितंबर दोपहर 12 बजे से बुकिंग पोर्टल खुल जाएगा। यह बुकिंग 15 सितंबर से 11 अक्टूबर तक की यात्रा के लिए होगी। हालांकि, हेली सेवा के किराए में वृद्धि की संभावना है।

सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए तैयार किए गए नए एसओपी के तहत हेली सेवाओं का संचालन और सख्त नियमों के साथ होगा, ताकि यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *