COVID 19 Alert देश में कोविड-19 के नए वेरिएंट के मामलों में वृद्धि के बाद उत्तराखंड स्वास्थ्य विभाग ने राज्य में निगरानी बढ़ाने का निर्णय लिया है। स्वास्थ्य सचिव ने अधिकारियों को स्क्रीनिंग जांच और अस्पतालों में तैयारियों की समीक्षा करने के निर्देश दिए हैं। लोगों से सतर्क रहने और लक्षणों पर ध्यान देने की अपील की गई है।

देश के विभिन्न राज्यों में कोविड-19 के नए जेएन.1 वेरिएंट के मामलों में इजाफा होने के बाद केंद्र सरकार ने सभी राज्यों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। इसी क्रम में उत्तराखंड स्वास्थ्य विभाग ने भी पूरे राज्य में कोविड सर्विलांस बढ़ाने की तैयारी शुरू कर दी है।

सचिव स्वास्थ्य डा. आर. राजेश कुमार ने बुधवार को राज्य के सभी मेडिकल कालेजों और जिलों के मुख्य चिकित्सा अधिकारियों के साथ वर्चुअल बैठक कर जरूरी दिशा-निर्देश जारी किए।

स्वास्थ्य सचिव ने बताया कि राज्य में फिलहाल कोविड का कोई भी मामला सामने नहीं आया है, लेकिन एहतियात के तौर पर तैयारियां पूरी रखने के निर्देश दिए गए हैं। केंद्र सरकार के निर्देशानुसार इंटीग्रेटेड डिजीज सर्विलांस प्रोग्राम (आइडीएसपी) की टीमें जिलों में सक्रिय की जा रही हैं, ताकि किसी भी संभावित केस की तत्काल पहचान कर उपचार शुरू किया जा सके।

आक्सीजन, दवाओं और स्टाफ की तैयारियां जांची जा रही

स्वास्थ्य सचिव ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि राज्य के अस्पतालों में आक्सीजन की उपलब्धता, दवाओं का भंडारण और स्वास्थ्यकर्मियों की तैयारियों की समीक्षा की जाए। कहा कि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया देने के लिए माक ड्रिल की भी योजना बनाई जा रही है।

सतर्कता ही सुरक्षा

स्वास्थ्य विभाग ने प्रदेशवासियों से अपील की है कि वे भीड़भाड़ वाले स्थानों में मास्क पहनें, हाथों की साफ-सफाई बनाए रखें और बुखार, खांसी या गले में खराश जैसे लक्षण दिखने पर तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर जांच कराएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent News