रानीबाग में ब्लॉक स्तरीय युवा संसद प्रतियोगिता का आयोजन, खुर्पाताल ने मारी बाजी; 26 नवंबर को होगी जिला स्तरीय प्रतियोगिता
हल्द्वानी/रानीबाग, 21 नवंबर 2026।
विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, तार्किक चिंतन और लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने की दिशा में राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय रानीबाग में विकासखंड भीमताल की ब्लॉक स्तरीय युवा संसद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने सांसद, मंत्री और लोकसभा अध्यक्ष की भूमिका निभाते हुए संसदीय कार्यवाही का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। बच्चों के आत्मविश्वास, संवाद कौशल और समसामयिक विषयों पर उनकी समझ ने उपस्थित अतिथियों और निर्णायक मंडल को प्रभावित किया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उत्तराखंड बाल संरक्षण अधिकार आयोग के माननीय सदस्य श्री योगेश सिंह रजवार उपस्थित रहे। प्रतियोगिता में जीजीआईसी भीमताल, जीजीआईसी खुर्पाताल, जीजीआईसी पटुवाडांगर, जीजीआईसी दोगड़ा एवं जीजीआईसी आमिया के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।
प्रतियोगिता में जीजीआईसी खुर्पाताल ने प्रथम, जीजीआईसी दोगड़ा ने द्वितीय तथा जीजीआईसी पटुवाडांगर ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। विजेता विद्यालयों के विद्यार्थियों को मेडल एवं ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया।
मुख्य अतिथि योगेश सिंह रजवार ने विद्यार्थियों की प्रतिभा की सराहना करते हुए कहा कि युवा संसद जैसी प्रतियोगिताएं बच्चों को अपनी प्रतिभा और विचारों को प्रस्तुत करने का महत्वपूर्ण मंच प्रदान करती हैं। इससे विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, तार्किक सोच, संवाद कौशल, आत्मविश्वास और लोकतांत्रिक व्यवस्था की समझ विकसित होती है।
उन्होंने कहा कि जिस आत्मविश्वास, तार्किक क्षमता और संसदीय मर्यादा के साथ विद्यार्थियों ने सदन में अपनी बात रखी, वह सराहनीय है। ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों में भी प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। आवश्यकता केवल उन्हें उचित मंच और अवसर उपलब्ध कराने की है।

रजवार ने कहा कि उनका प्रयास रहेगा कि विद्यालय स्तर पर इस प्रकार की रचनात्मक एवं शैक्षिक प्रतियोगिताओं का निरंतर आयोजन हो, जिससे दूरस्थ क्षेत्रों के प्रतिभाशाली बच्चों को भी अपनी क्षमता प्रदर्शित करने और आगे बढ़ने का अवसर मिले।
विद्यार्थियों को मिलेगा जिला और प्रदेश स्तर तक पहुंचने का अवसर
उन्होंने जानकारी दी कि आगामी 26 नवंबर को जनपद के सभी आठ विकासखंडों की सहभागिता से जिला स्तरीय युवा संसद प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। इसके बाद इस प्रतियोगिता को प्रदेश स्तर पर आयोजित कराने के लिए भी प्रयास किए जाएंगे, ताकि उत्तराखंड के विभिन्न क्षेत्रों के होनहार विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का व्यापक अवसर मिल सके।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में एमबीपीजी कॉलेज हल्द्वानी के सहायक प्राध्यापक श्री नवीन शर्मा, जिला समन्वयक श्री नरेंद्र पंत, प्रवक्ता जीआईसी बेलपड़ाव, ब्लॉक समन्वयक श्रीमती मीना डंगवाल तथा निर्णायक मंडल के सदस्य श्री कौस्तुभानंद कर्नाटक, श्रीमती योगिता सिंह एवं श्रीमती आस्मा परवीन उपस्थित रहे। विभिन्न विद्यालयों के शिक्षकगण भी कार्यक्रम में शामिल हुए।
कार्यक्रम का प्रभावशाली संचालन राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय रानीबाग के अध्यापक श्री गोपाल दत्त गुडवंत ने किया।
समापन अवसर पर मुख्य अतिथि योगेश सिंह रजवार ने सभी प्रतिभागियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं तथा प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए शिक्षा विभाग के अधिकारियों, विद्यालयों के प्रधानाचार्यों और शिक्षकगणों का आभार व्यक्त किया।
युवा संसद जैसी पहलें केवल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि भविष्य के जिम्मेदार नागरिकों, जागरूक जनप्रतिनिधियों और कुशल नेतृत्वकर्ताओं को तैयार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं। आज इन विद्यार्थियों ने साबित किया कि उचित अवसर और प्रोत्साहन मिलने पर ग्रामीण क्षेत्रों की प्रतिभाएं भी बड़े मंच पर अपनी पहचान बना सकती हैं।
