Sat. Apr 11th, 2026

तेज बहाव में बहा किशोर: भागीरथी धाम के पास SDRF की रेस्क्यू ऑपरेशन

ऋषिकेश में गंगा नदी में स्नान के दौरान एक दर्दनाक हादसा हुआ। थाना लक्ष्मणझूला क्षेत्र के भागीरथी धाम के पास गंगा में स्नान कर रहा एक किशोर तेज धाराओं में बह गया। सूचना मिलते ही थाना पुलिस और SDRF ढालवाला की रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और देर शाम तक सर्च ऑपरेशन चलाया गया, लेकिन किशोर का कुछ पता नहीं चल सका।

थाना प्रभारी संतोष पैथवाल ने बताया कि गुरुवार शाम करीब चार बजे नगर पंचायत स्वर्गाश्रम जौंक निवासी 13 वर्षीय आदित्य रतूड़ी पुत्र दिनेश प्रसाद रतूड़ी अपने दोस्तों के साथ गंगा में स्नान कर रहा था। गहराई का सही अनुमान न लग पाने के कारण वह अचानक तेज धारा में बह गया और देखते ही देखते ओझल हो गया।

घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। SDRF की टीम ने डीप डाइविंग कर देर रात तक सर्च अभियान चलाया, लेकिन सफलता नहीं मिली। अंधेरा बढ़ने के कारण अभियान रोकना पड़ा। अधिकारियों ने बताया कि शुक्रवार सुबह फिर से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया जाएगा।

इस घटना से इलाके में शोक का माहौल है, जबकि पुलिस ने आसपास के घाटों पर सतर्कता बढ़ा दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *