Wed. May 13th, 2026

नैनीताल में बेकाबू कार ने तीन को रौंदा, एक की हालत नाजुक

नैनीताल के तल्लीताल फांसी गधेरा क्षेत्र में गुरुवार सुबह एक तेज रफ्तार कार ने तीन लोगों को रौंद दिया। हादसे में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें से एक की हालत नाजुक बनी हुई है। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर के बाद भी कार चालक नहीं रुका और घायलों को कुचलते हुए आगे बढ़ गया। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग और राहगीर मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक वाहन चालक और उसका साथी कार सड़क पर छोड़कर फरार हो चुके थे।

स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए वाहन के नीचे फंसे तीनों घायलों को बाहर निकाला और उन्हें तत्काल बीडी पांडे अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में तीनों का इलाज जारी है, जबकि एक घायल की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे हायर सेंटर रेफर किया जा रहा है।

जानकारी के अनुसार, घायल बिहारी लाल, पप्पू और राजेश लाल हरी नगर निवासी हैं और गुरुवार सुबह पेंटिंग का काम करने राजभवन मार्ग स्थित आर्मी गेस्ट हाउस जा रहे थे। इसी दौरान चढ़ाई पर तेज गति से आ रही कार ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया।

सीओ रविकांत सेमवाल ने बताया कि हादसे में गंभीर रूप से घायल बिहारी लाल को उच्च चिकित्सा केंद्र भेजा जा रहा है। प्रारंभिक जानकारी में वाहन चालक के पुलिसकर्मी होने की बात सामने आ रही है। पुलिस ने वाहन को कब्जे में ले लिया है और चालक व उसके साथी की तलाश के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *