Mon. Aug 3rd, 2026

डी.ए.वी. पीजी कॉलेज, देहरादून: नशा मुक्त समाज के संकल्प के साथ ‘नशा विरोधी जागरूकता व्याख्यान’ संपन्न

देहरादून, 3 अगस्त 2026: डी.ए.वी. पीजी कॉलेज, देहरादून के एंटी ड्रग्स सेल एवं नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB), उत्तराखंड के संयुक्त तत्वावधान में आज महाविद्यालय परिसर में एक विशेष ‘नशा विरोधी जागरूकता व्याख्यान’ का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम ‘नशा मुक्त उत्तराखंड‘ और ‘ड्रग फ्री देवभूमि‘ अभियान के तहत विद्यार्थियों को जागरूक करने के उद्देश्य से आयोजित किया गया था।

कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के प्रधानाचार्य प्रो. कौशल कुमार द्वारा किया गया। अपने उद्घाटन उद्बोधन में उन्होंने छात्र-छात्राओं को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और मादक पदार्थों के घातक परिणामों से सचेत रहने की प्रेरणा दी। उन्होंने एंटी ड्रग्स सेल द्वारा युवाओं को सही दिशा देने के लिए किए जा रहे निरंतर प्रयासों की भूरि-भूरि सराहना की।

इस जागरूकता कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो के श्री तस्सवुर अली ने विद्यार्थियों को नशीले पदार्थों के समाज पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों से अवगत कराया। उन्होंने NDPS (नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस) अधिनियम के वैधानिक प्रावधानों की विस्तृत जानकारी दी और युवाओं से कानून के दायरे में रहकर जिम्मेदार नागरिक बनने का आह्वान किया। विधि विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ. पारुल दीक्षित ने भी विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करते हुए मादक पदार्थों के विनाशकारी प्रभावों को रेखांकित किया और उन्हें एक उज्ज्वल एवं नशा मुक्त भविष्य के निर्माण हेतु दृढ़ संकल्पित रहने के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर एंटी ड्रग्स सेल की नोडल अधिकारी डॉ. रीता पांडेय ने उपस्थित छात्र-छात्राओं को नशा मुक्त समाज के निर्माण हेतु शपथ दिलाई। कार्यक्रम का कुशल संचालन सेल के समन्वयक श्री संदीप कुमार द्वारा किया गया। कार्यक्रम के दौरान डॉ. राजेश दुबे ने विद्यार्थियों का मनोबल बढ़ाते हुए उन्हें नशा विरोधी गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर सेल की अन्य समन्वयक डॉ. स्मिता शर्मा भी उपस्थित रहीं।

व्याख्यान के उपरांत आयोजित प्रश्नोत्तरी सत्र में विद्यार्थियों ने मादक पदार्थों की रोकथाम और कानूनी पहलुओं से संबंधित अनेक प्रश्न पूछे, जिनका विशेषज्ञों द्वारा संतोषजनक उत्तर दिया गया। जागरूकता कार्यक्रम में डी.ए.वी. पीजी कॉलेज के विधि विभाग के छात्र-छात्राओं ने बड़ी संख्या में उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *