October 20, 2026

प्रधानमंत्री मोदी ने पूछा “मैं कौन?”, नन्ही अनन्या का जवाब जीता सबका दिल

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के व्यक्तित्व की सादगी और आत्मीयता का एक और उदाहरण उस समय देखने को मिला जब उन्होंने महिला सशक्तीकरण एवं बाल विकास विभाग की प्रदर्शनी में पहुंचे छोटे बच्चों से मुलाकात की। प्रधानमंत्री जैसे ही आंगनबाड़ी केंद्र के स्टाल पर पहुंचे, वहां मौजूद बच्चों के चेहरों पर उत्साह और खुशी झलक उठी।

प्रधानमंत्री ने आठ वर्ष की अनन्या से मुस्कराते हुए पूछा — “क्या आप मुझे जानती हो?”
बच्ची ने मासूमियत से तुरंत जवाब दिया, “मोदी जी।”
यह सुनते ही प्रधानमंत्री ठहाका लगाकर हंस पड़े। जब उन्होंने पूछा कि “क्या तुमने मुझे कहीं देखा है?”, तो अनन्या बोली — “टीवी पर कई बार।”

पास खड़ी काजल नाम की बच्ची से जब यही सवाल पूछा गया तो उसने मुस्कराते हुए कहा, “आप प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी हो।” दोनों बच्चियों के सहज और सटीक जवाब सुनकर प्रधानमंत्री खुश होकर मुस्कराए।

इसके बाद प्रधानमंत्री ने बच्चों से हरी पत्तेदार सब्जियों और रंगों के बारे में भी सवाल किए। बच्चों ने बेझिझक सभी सवालों के सही जवाब दिए। पीएम मोदी ने इस दौरान बच्चों को हरी सब्जियाँ खाने की सलाह दी और कहा कि वे सेहत के लिए बहुत ज़रूरी हैं।

प्रदर्शनी में बच्चों ने प्रधानमंत्री को फूल भेंट किए, और जब प्रधानमंत्री आगे बढ़ने लगे तो बच्चों ने उनसे फोटो खिंचवाने का आग्रह किया। प्रधानमंत्री ने तुरंत बच्चों की बात मान ली और उनके साथ स्मरणीय तस्वीरें खिंचवाईं।

आंगनबाड़ी केंद्र की शिक्षिका प्रियतमा सक्सेना ने बताया कि बच्चे प्रधानमंत्री से मिलकर बेहद खुश थे। उन्होंने कहा, “बच्चों की खुशी देखने लायक थी, उन्हें यकीन नहीं हो रहा था कि वे देश के प्रधानमंत्री से सीधे बात कर रहे हैं।”

प्रधानमंत्री मोदी की यह मुलाकात एक बार फिर साबित कर गई कि उनकी सादगी और आत्मीयता हर दिल को छू लेती है — चाहे वह बच्चा हो या बुजुर्ग।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *