Wed. Feb 11th, 2026

बाबा के दर्शन को रात से ही खड़े हो रहे श्रद्धालु, सोनप्रयाग तक लगी तीन किमी लंबी लाइन

भगवान केदारनाथ के दर्शनों के लिए भक्तों का उत्साह चरम पर है। केदारघाटी के बाजारों व कस्बों में यात्रियों का भारी जमावड़ा लग रहा है। वहीं, सोनप्रयाग से धाम प्रस्थान के लिए देर रात्रि से ही भक्तों की लंबी लाइन लग रही है। गुरुवार को यहां एक्रो पुल से सीतापुर तक यात्रियों की लगभग तीन किमी लंबी लाइन लगी रही, जो दोपहर बाद कम हो सकी।

कपाटोद्घाटन के बाद से अभी तक प्रतिदिन औसतन 25 हजार श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं। बृहस्पतिवार को सोनप्रयाग में रात से ही यात्री लाइन में खड़े हो गए थे। स्थिति यह रही कि सुबह 10 बजे तक लाइन पार्किंग को पार कर चुकी थी, जबकि पूर्वाह्न 11 बजे तक भक्तों की लंबी लाइन सीतापुर तक पहुंच गई। सोनप्रयाग में तैनात सेक्टर मजिस्ट्रेट मनोज बिष्ट ने बताया कि बीते छह दिनों की अपेक्षा अधिक भीड़ रही। दोपहर बाद भक्तों की लंबी लाइन कम हुई है। उधर, केदारनाथ में भी बाबा के दर्शनों के लिए श्रद्धालुओं का उत्साह अपने चरम पर रहा। सुबह 7 बजे तक ही मंदिर परिसर भक्तों से पूरी तरह से भर चुका था। इधर, यात्रा कंट्रोल रूम से बताया गया कि दोपहर बाद 2 बजे तक सोनप्रयाग से 14311 श्रद्धालुओं ने धाम के भेजा गया। वहीं, धाम में आज 28093 तीर्थयात्रियों ने दर्शन किए। अब तक धाम में 183677 तीर्थयात्री दर्शन कर चुके हैं।

उधर, मुख्य पड़ाव सोनप्रयाग में लाइन में समूह बनाकर खड़े होने पर पुलिस और यात्रियों के बीच नोकझोंक और हाथापाई हुई। पुलिस ने बमुश्किल मामले को शांत किया गया। इधर, पुलिस उपाधीक्षक ने कहा कि केदारनाथ यात्रा के सफल संचालन के लिए पुलिस अपने स्तर से हरसंभव प्रयास कर रही है।

पुलिस उपाधीक्षक व यात्रा यातायात नोडल अधिकारी हर्षवर्धनी सुमन ने बताया कि यात्रियों की तरफ से पहले मारपीट की कोशिश की गई, जो अच्छी बात नहीं है। उन्होंने यात्रियों से अनुशासन के साथ अपनी यात्रा को सफल बनाने की अपील की है।

By Karan

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *