Wed. May 13th, 2026

सीएम धामी ने हवन-पूजन के साथ भाजपा जिला कार्यालय का उद्घाटन किया

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बृहस्पतिवार दोपहर भाजपा के नवनिर्मित जिला कार्यालय का हवन-पूजन के साथ शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री दोपहर 2:30 बजे बाजपुर रोड स्थित गौतमी हाइट्स के निकट पहुंचे, जहां प्रदेश अध्यक्ष महेन्द्र भट्ट, जिलाध्यक्ष अजय पाल, विधायक त्रिलोक सिंह चीमा और महापौर दीपक बाली ने उनका स्वागत किया।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि वर्ष 2023 में इसी कार्यालय का शिलान्यास करने का अवसर मिला था और आज इसका लोकार्पण होना गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि यह कार्यालय न केवल संगठनात्मक गतिविधियों का केंद्र बनेगा, बल्कि क्षेत्रवासियों की समस्याओं के समाधान का भी माध्यम होगा।

सीएम धामी ने कहा कि भाजपा विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी है, जिसने संघर्ष और समर्पण से जनसेवा का वटवृक्ष खड़ा किया है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि “देश की कुछ राजनीतिक पार्टियों को लगता है कि नेतृत्व उनके परिवार की बपौती है, जबकि भाजपा में नेतृत्व जन्म से नहीं, कर्म से तय होता है।”

मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार मिलकर सड़क, शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में तेजी से सुधार ला रही हैं। उन्होंने बताया कि प्रदेश में लैंड, लव और थूक जिहाद पर सख्त कार्रवाई की जा रही है, अब कोई भी व्यक्ति धार्मिक चादरें डालकर जमीनों पर कब्जा नहीं कर सकेगा।
कार्यक्रम के अंत में सीएम धामी ने प्रदेशवासियों को दीपावली की शुभकामनाएं दीं।

प्रदेश अध्यक्ष महेन्द्र भट्ट ने कहा कि भाजपा के जिला कार्यालय संगठन की रीढ़ हैं। आगामी 2027 के चुनावों की रणनीति इन्हीं कार्यालयों से तैयार की जाएगी। उन्होंने बताया कि 31 अक्टूबर से “विकसित भारत संकल्प यात्रा” की शुरुआत की जाएगी।

जिलाध्यक्ष मनोज पाल ने कहा कि नया कार्यालय संगठनात्मक बैठकों, प्रशिक्षण सत्रों और सामाजिक कार्यक्रमों का केंद्र बनेगा। इस अवसर पर पार्टी कार्यकर्ताओं और क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों की बड़ी संख्या मौजूद रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *