Site icon Himanjaliexpress.com

उत्तराखंड सरकार का बड़ा फैसला, महंगाई भत्ता वृद्धि 1 जनवरी 2025 से

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखंड में पांचवें और छठे वेतनमान प्राप्त करने वाले सार्वजनिक निकाय व उपक्रम कर्मचारियों के महंगाई भत्ते (डीए) में वृद्धि को स्वीकृति प्रदान की है। इस निर्णय के तहत, पांचवें वेतनमान वाले कर्मचारियों का डीए 11% बढ़ाकर 455% से 466% किया गया है, जबकि छठे वेतनमान वाले कर्मियों के लिए 6% की वृद्धि के साथ यह 246% से 252% हो गया है। यह बढ़ा हुआ भत्ता 1 जनवरी 2025 से लागू होगा।

इसके साथ ही, मुख्यमंत्री ने राज्य के विभिन्न विकास परियोजनाओं के लिए भी वित्तीय सहायता को मंजूरी दी है। इनमें पिथौरागढ़ के जिला कारागार में अतिरिक्त आवासीय भवनों के निर्माण के लिए 4.17 करोड़ रुपये और रुड़की के उपकारागार में नए आवासीय भवनों के लिए 2.51 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की गई है।

विकास कार्यों के तहत, धारचूला विधानसभा क्षेत्र में किलातम में चैकडेम निर्माण के लिए 95.49 लाख रुपये और अतिरिक्त 57.29 लाख रुपये की मंजूरी दी गई है। इसके अलावा, चंपावत में हनुमान मंदिर मेला स्थल, लधौली, ऐडी मेला स्थल, कालूखाण और फुटलिंग कालूखाण के सुंदरीकरण के लिए 81.50 लाख रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई, जिसमें प्रथम किश्त के रूप में 48.90 लाख रुपये जारी किए गए हैं।

Exit mobile version