Site icon Himanjaliexpress.com

राहुल गांधी के प्रस्तावित उत्तराखंड दौरे पर भाजपा का हमला, वरिष्ठ नेता हनी पाठक बोलीं— “जनता को टूरिस्ट नेता नहीं, जनसेवक चाहिए”

देहरादून। कांग्रेस सांसद एवं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के प्रस्तावित उत्तराखंड दौरे को लेकर प्रदेश की राजनीति गरमा गई है। भारतीय जनता पार्टी की वरिष्ठ नेता और प्रदेश प्रवक्ता हनी पाठक ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर राहुल गांधी के दौरे पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की और इसे जनता के बजाय कांग्रेस संगठन को सक्रिय करने का प्रयास बताया।

भाजपा प्रवक्ता हनी पाठक ने कहा कि उत्तराखंड की जनता को “टूरिस्ट नेता” नहीं, बल्कि निरंतर जनता के बीच रहने वाले जनसेवक नेता चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी का यह दौरा आम जनता के हितों के लिए नहीं, बल्कि कांग्रेस के बचे-खुचे कार्यकर्ताओं को एकजुट करने का प्रयास है।

हनी पाठक ने कहा कि राहुल गांधी को उत्तराखंड की याद केवल चुनाव के समय आती है। उनका आरोप था कि कांग्रेस नेतृत्व पांच वर्षों तक राज्य से दूरी बनाए रखता है और चुनाव नजदीक आते ही पहाड़ और जनता की बात करने लगता है। उन्होंने इसे “राजनीतिक पर्यटन” करार देते हुए दावा किया कि राज्य की जनता इस प्रकार की राजनीति को समझती है।

भाजपा प्रवक्ता ने कांग्रेस के संगठन पर भी निशाना साधते हुए कहा कि उत्तराखंड में कांग्रेस का जनाधार लगातार कमजोर हुआ है। उन्होंने दावा किया कि पार्टी का संगठन बिखरा हुआ है और उसके नेता राज्य की समस्याओं के समाधान के बजाय केवल राजनीतिक बयानबाजी तक सीमित हैं।

उन्होंने कहा कि एक ओर भाजपा की “डबल इंजन सरकार” विकास, रोजगार, आधारभूत संरचना और सुशासन के एजेंडे पर कार्य कर रही है, जबकि दूसरी ओर कांग्रेस के पास सरकार के खिलाफ आरोप लगाने के अलावा कोई ठोस वैकल्पिक कार्यक्रम नहीं है।

हनी पाठक ने कहा कि राहुल गांधी का उत्तराखंड में स्वागत है, लेकिन उन्हें राज्य की जनता के सामने ठोस विकास का विजन और स्पष्ट कार्यक्रम रखना चाहिए। उन्होंने कहा कि केवल राजनीतिक भाषणों से जनता का विश्वास नहीं जीता जा सकता।

भाजपा प्रवक्ता ने आगामी विधानसभा चुनावों का उल्लेख करते हुए दावा किया कि वर्ष 2014, 2019 और 2022 की तरह वर्ष 2027 में भी उत्तराखंड की जनता भाजपा का समर्थन करेगी। उन्होंने कहा कि राज्य की जनता “परिवारवाद” के बजाय “राष्ट्रवाद” और “नाम” के बजाय “काम” की राजनीति को प्राथमिकता देती है।

प्रेस विज्ञप्ति में हनी पाठक ने राहुल गांधी के प्रस्तावित दौरे पर तंज कसते हुए कहा कि यह “नौ दिन चले अढ़ाई कोस” जैसी स्थिति है और चुनाव नजदीक आते ही कांग्रेस नेतृत्व राज्य का रुख करता है।

Exit mobile version