Site icon Himanjaliexpress.com

मानसिक रोग चिकित्सक डॉ. भट्ट के तबादले से जनता में आक्रोश

पिथौरागढ़- 01/07/2026– पंकज पांडेय

जिले में मानसिक स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े एकमात्र मनोरोग चिकित्सक डॉ. ललित भट्ट के तबादले को लेकर व्यापक जनआक्रोश फैल गया है। स्थानीय नागरिकों, सामाजिक संगठनों और जनप्रतिनिधियों ने इस निर्णय को जनहित के खिलाफ बताते हुए इसे तुरंत वापस लेने की मांग की है।जानकारी के अनुसार, जिला अस्पताल में लंबे समय से कार्यरत मानसिक रोग चिकित्सक डॉ. भट्ट का स्थानांतरण रामनगर कर दिया गया है।

इस निर्णय के बाद जिले में मानसिक स्वास्थ्य सेवाओं के भविष्य को लेकर गंभीर चिंता उत्पन्न हो गई है। स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के अनुसार, जिले में मानसिक रोगों से पीड़ित मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। बीते वर्ष तीन हजार से अधिक मरीजों ने परामर्श और उपचार के लिए अस्पताल में पंजीकरण कराया, जबकि प्रतिदिन औसतन 30 से अधिक मरीज उपचार हेतु पहुंचते हैं।पहाड़ी क्षेत्र होने के कारण यहां पहले से ही मानसिक स्वास्थ्य सेवाओं, जागरूकता और संसाधनों की भारी कमी है। ऐसे में एकमात्र विशेषज्ञ चिकित्सक का तबादला स्थानीय स्वास्थ्य व्यवस्था के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है।

सीमान्त जनपदो से नए डाक्टरों की नियुक्ति की जगह उन्हें हटाना, देहरादून लॉबी की पहाड़ विरोधी मानसिकता दिखाता है। मरीजों और उनके परिजनों का कहना है कि उन्हें पहले ही इलाज के लिए दूर-दराज के शहरों का रुख करना पड़ता है, जिससे आर्थिक बोझ के साथ मानसिक तनाव भी बढ़ जाता है। स्थानीय सामाजिक कार्यकर्ताओं ने कहा कि यह निर्णय ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों के साथ अन्याय है।

वहीं यूथ कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव ऋषेंद्र महर ने इसे जनविरोधी कदम बताते हुए कहा कि मानसून काल में इस प्रकार का स्थानांतरण अनुचित है और सरकार को इस पर पुनर्विचार करना चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि डॉ. भट्ट का तबादला रद्द नहीं किया गया तो आंदोलन का रास्ता अपनाया जाएगा। जनता ने प्रशासन व सरकार से मांग की है कि जनहित को ध्यान में रखते हुए इस निर्णय को तत्काल प्रभाव से निरस्त किया जाए।

Exit mobile version